Shahjahanpur news : गौतम हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, हत्या की साजिश रचने का आरोपी युवक भेजा जेल
बहुचर्चित गौतम हत्याकांड में थाना कांट पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

shahjahanpur
10:33 PM, August 5, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। बहुचर्चित गौतम हत्याकांड में थाना कांट पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 19 वर्षीय अश्वनी सिंह पुत्र गुड्डू सिंह निवासी नौसारा सिकंदरपुर खुर्द को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को गौतम की हत्या के मामले में समीर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ में अश्वनी की भूमिका सामने आने पर उसे भी नामजद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन से गौतम, समीर और कुछ अन्य युवक संपर्क में रहते थे। इसे लेकर परिवार में विवाद पैदा हो गया था। उसने बहन का रिश्ता दूसरी जगह तय कराया, लेकिन वह भी टूट गया। इसी रंजिश के चलते उसने समीर को गौतम के खिलाफ भड़काया।
पुलिस का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले समीर ने अश्वनी को फोन कर हत्या की बात बताई थी। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या के षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।




