Shahjahanpur news : नशे में ऑपरेशन के आरोपों के बाद चरक अस्पताल में जांच, सीसीटीवी से लेकर ऑपरेशन थिएटर तक खंगाला
पुवायां थाना क्षेत्र स्थित चरक अस्पताल में सोमवार दोपहर पुलिस-प्रशासन की टीम ने पहुंचकर करीब आधे घंटे तक जांच की।

shahjahanpur
10:33 PM, September 14, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
--- महिला की मौत के मामले में दो डॉक्टरों पर एफआईआर, एसडीएम-सीओ समेत अधिकारियों ने करीब आधे घंटे तक परखे अस्पताल के मानक
शाहजहांपुर। पुवायां थाना क्षेत्र स्थित चरक अस्पताल में सोमवार दोपहर पुलिस-प्रशासन की टीम ने पहुंचकर करीब आधे घंटे तक जांच की। अधिकारियों ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे, ऑपरेशन थिएटर, दवाओं और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुवायां एसडीएम सदानंद सरोज और सीओ प्रवीण मलिक समेत स्वास्थ्य एवं बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
मामला गर्भवती महिला जूली की मौत से जुड़ा है। आठ सितंबर को चरक अस्पताल में जूली का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उसने बेटे को जन्म दिया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक बरेली ले जाते समय नौ सितंबर को रास्ते में उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर फिरोज और शहर के डॉक्टर केपी के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर नशे की हालत में थे और इसी वजह से महिला की हालत बिगड़ी। हालांकि संबंधित डॉक्टर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।
एफआईआर के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच
महिला की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज न होने से नाराज परिजनों ने 10 सितंबर को पुवायां में सड़क पर हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।इसी मामले में मीडिया में डॉक्टर की पत्रकारों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी भी सामने आई थी। टिप्पणी को लेकर पुवायां क्षेत्र के पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। पत्रकारों ने विरोध प्रदर्शन कर पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।इसके बाद सोमवार को एसडीएम सदानंद सरोज, सीओ प्रवीण मलिक, चिकित्सा अधीक्षक नरेंद्र पाल, थाना निरीक्षक आरके रावत और विद्युत निगम के एसडीओ राजू कुमार अस्पताल पहुंचे।अधिकारियों ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर डॉक्टरों के आने-जाने का समय देखा। ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था, दवाओं और अस्पताल में उपलब्ध अन्य सुविधाओं की भी जांच की गई। करीब आधे घंटे तक चली जांच में अस्पताल के संचालन से जुड़े विभिन्न मानकों को परखा गया।
एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और मानकों की जांच की गई है। यह देखा जा रहा है कि अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित हो रहा है या नहीं। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।




