Shahjahanpur news : करंट लगने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
रामपुर कला गांव में गुरुवार को करंट लगने से एक 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

shahjahanpur
10:02 PM, July 16, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव में गुरुवार को करंट लगने से एक 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कला निवासी हरिराम की 15 वर्षीय पुत्री पूजा घर पर अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता मजदूरी करने गए हुए थे। इसी दौरान घर में लगे फर्राटा पंखे में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतका अपने पीछे माता-पिता, तीन बहनों—तुलसी देवी, रोली और नेन्सी तथा दो छोटे भाइयों परमीत (8 वर्ष) और अभि (6 वर्ष) को छोड़ गई है। किशोरी की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।




