प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे राहुल, प्रियंका व अखिलेश लिए गए हिरासत में
देश में कथित पेपर लीक के मुद्दे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

delhi
12:38 AM, July 22, 2026
देश में कथित पेपर लीक के मुद्दे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। छात्रों के संसद मार्च के बाद मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने भी इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया।
विपक्ष का आरोप है कि छात्रों की मांगों पर संवाद करने के बजाय उनके साथ सख्ती बरती गई। इसी के विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेता प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए धरने पर बैठे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया। इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं, जहां हिरासत में लिए गए प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं से उन्होंने मुलाकात की।
कुछ समय बाद पुलिस ने राहुल गांधी सहित अन्य हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहता है, लेकिन चर्चा की अनुमति नहीं दी जा रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष को संसद में अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की अनुमति भी नहीं दी जाती।




