महिला आरक्षण को लेकर PM मोदी ने राष्ट्र को किया संबोधित
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को राष्ट्र के नाम अपने लगभग 30 मिनट के संबोधन में ‘नारी शक्ति पहल’ को 21वीं सदी में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक “महान यज्ञ” करार दिया।

delhi
12:32 AM, April 19, 2026
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को राष्ट्र के नाम अपने लगभग 30 मिनट के संबोधन में ‘नारी शक्ति पहल’ को 21वीं सदी में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक “महान यज्ञ” करार दिया। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर परिसीमन प्रक्रिया को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को भ्रमित करने के लिए भ्रामक नैरेटिव तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह संवैधानिक संशोधन महिलाओं को उनके लंबे समय से लंबित अधिकार देने के उद्देश्य से लाया गया था, जिसे दशकों तक टाला जाता रहा। सरकार की योजना थी कि इसका लाभ 2029 के लोकसभा चुनावों से लागू किया जाए।
प्रधानमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि तमाम प्रयासों के बावजूद यह विधेयक पारित नहीं हो सका। उन्होंने देश की माताओं और बहनों से इसके लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से महिलाओं की प्रगति पर रोक लगी है और उनके सपनों को आघात पहुंचा है।
उन्होंने आगे कहा कि जब कुछ राजनीतिक दल अपने हितों को देशहित से ऊपर रखने लगते हैं, तो उसका खामियाजा न केवल महिलाओं बल्कि पूरे देश को भुगतना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संसद में प्रस्ताव गिरने के बाद विपक्ष के कुछ दलों ने खुशी जाहिर की और तालियां बजाईं।



