मॉनसून सत्र से पहले विपक्ष ने सर्वदलीय बैठक से किया वॉकआउट
संसद के आगामी मॉनसून सत्र से पहले रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई थी लेकिन विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया।

delhi
2:34 PM, July 19, 2026
नई दिल्ली। संसद के आगामी मॉनसून सत्र से पहले रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में ही विपक्षी दलों ने टीएमसी, शिवसेना और समाजवादी पार्टी के बागी सांसदों को आमंत्रित किए जाने पर आपत्ति जताते हुए बैठक का बहिष्कार कर वॉकआउट कर दिया।
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि एनसीपीआई के नाम पर जिन 20 सांसदों को बैठक में बुलाया गया, उनके विलय को अभी तक लोकसभा अध्यक्ष की मंजूरी नहीं मिली है। साथ ही उनकी सदस्यता से जुड़ी अयोग्यता याचिकाएं भी लंबित हैं। विपक्ष ने इस फैसले का विरोध दर्ज कराने के लिए वॉकआउट किया।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने संविधान की मर्यादा की रक्षा और आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस तथा शिवसेना के समर्थन में यह कदम उठाया है।
उल्लेखनीय है कि संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलने की संभावना है। प्रत्येक सत्र से पहले आयोजित होने वाली सर्वदलीय बैठक में सरकार अपने प्रस्तावित विधायी कार्यक्रम की जानकारी देती है और सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपील करती है।




