Sonbhadra News : रक्षाबंधन पर वर्दीधारी भाइयों की कलाई नहीं रही सूनी, बहनों ने बांधा स्नेह का पवित्र धागा
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जब हर घर में भाई-बहन के स्नेह की खुशियां बिखरीं, तो राबर्ट्सगंज में वर्दीधारी भाइयों की कलाई भी राखी के पवित्र धागे से सज उठी। मारवाड़ी युवा मंच महिला सोन शाखा की सदस्यों....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:58 PM, August 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जब हर घर में भाई-बहन के स्नेह की खुशियां बिखरीं, तो राबर्ट्सगंज में वर्दीधारी भाइयों की कलाई भी राखी के पवित्र धागे से सज उठी। मारवाड़ी युवा मंच महिला सोन शाखा की सदस्यों ने पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर उनके प्रति सम्मान और आभार जताया। महिलाओं ने पुलिस भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, मिठाई खिलाई और बदले में आमजन की सुरक्षा का वचन लिया।
पुलिसकर्मी त्योहारों की खुशियों के बीच भी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहकर समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। परिवार से दूर रहकर कानून-व्यवस्था संभालने वाले इन पुलिस भाइयों के लिए महिला मंच की यह पहल भावनाओं से भरी रही। बहनों ने कहा कि जो भाई पूरे समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाते हैं, रक्षाबंधन पर उनकी कलाई सूनी नहीं रहनी चाहिए।
राखी बांधने के दौरान माहौल में अपनत्व और भाईचारे की भावना देखने को मिली। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों का तिलक कर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। वहीं पुलिस भाइयों ने भी बहनों को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मंच की अध्यक्ष सुनीता सांवरिया, कोषाध्यक्ष पूनम केड़िया, सचिव चित्रा जालान, महिला मंडल अध्यक्ष अनीता थर्ड, निवर्तमान अध्यक्ष रितु जालान, रिंकी जालान, सुचिता खेतान समेत अन्य सदस्य मौजूद रहीं।




