NEET UG 2026 का परिणाम जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी हुए सफल
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में कुल 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।

delhi
9:00 AM, July 17, 2026
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में कुल 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। परिणाम के अनुसार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही देशभर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
इस बार NEET UG परीक्षा विशेष परिस्थितियों में आयोजित की गई। परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक की घटनाओं के बाद दोबारा परीक्षा कराई गई । जिसमें देश और विदेश से लगभग 20 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर किया गया।
NEET UG देशभर के एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष तथा अन्य मेडिकल और संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली प्रमुख प्रवेश परीक्षा है। परिणाम जारी होने के बाद अब योग्य अभ्यर्थी केंद्रीय और राज्य स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेकर विभिन्न मेडिकल संस्थानों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।




