Mirzapur News : पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर में बढ़ायी राजनीतिक पारा, नवरात्र में राजनीतिक पत्ते खोलने के दिये संकेत
अपने अगले कदम को लेकर पूछे गए सवाल पर दिव्या मित्तल ने कहा कि वह बहुत जल्द इसकी जानकारी सार्वजनिक करेंगी। उन्होंने कहा, “संभवतः नवरात्रि के दौरान ही आप सभी को सार्वजनिक रूप से बताऊंगी।”

mirzapur
9:18 PM, October 11, 2026
- माँ विंध्यवासनी के दरबार में टेका मत्था
- माँ का आशीर्वाद लिया मगर नहीं खोला पत्ता
मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने पहुंचीं पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने अगले कदम को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही सार्वजनिक रूप से अपने फैसले की जानकारी देंगी। उन्होंने नवरात्रि के दौरान इसकी घोषणा किए जाने की संभावना भी जताई। उनके इस बयान के बाद उनके आगामी कदम और संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिव्या मित्तल ने सभी को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां विंध्यवासिनी से सभी भक्तों और उनके परिवारों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
नवरात्रि में हो सकता है बड़ा ऐलान
अपने अगले कदम को लेकर पूछे गए सवाल पर दिव्या मित्तल ने कहा कि वह बहुत जल्द इसकी जानकारी सार्वजनिक करेंगी। उन्होंने कहा, “संभवतः नवरात्रि के दौरान ही आप सभी को सार्वजनिक रूप से बताऊंगी।”
हालांकि, उन्होंने अपने अगले कदम के स्वरूप या किसी राजनीतिक दल से जुड़ने को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की। उनके बयान को सार्वजनिक जीवन में नई भूमिका की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
ओम प्रकाश राजभर के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर भी दिव्या मित्तल ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें डीएम बनने को आसान और नेता बनने को कठिन बताया गया था। उन्होंने कहा कि उनके विचार में कई बार आम आदमी के संघर्ष सबसे कठिन होते हैं।
दिव्या मित्तल ने कहा कि आम लोगों के संघर्षों को कम करने के उद्देश्य से वह इस रास्ते पर आगे बढ़ेंगी। इस दौरान आने वाली कठिनाइयों को भी स्वीकार करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि ओम प्रकाश राजभर अपने अनुभवों के आधार पर अपनी बात रख रहे होंगे।
मिर्जापुर के लोगों के स्नेह को याद कर हुईं भावुक
मिर्जापुर की जनता के नाम संदेश देते हुए दिव्या मित्तल भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद जीवन के हर कदम पर उनके साथ रहा है। जब भी उन्हें मायूसी का सामना करना पड़ा, मिर्जापुर के लोगों के प्यार और आशीर्वाद ने उन्हें मजबूत सहारा दिया। उन्होंने जिले के लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह यहां की जनता के स्नेह की कर्जदार हैं।
मिर्जापुर के लिए काम करने का लिया था संकल्प
दिव्या मित्तल ने बताया कि मिर्जापुर से विदा होते समय उन्होंने मां गंगा के सामने संकल्प लिया था कि वह जिस भी रूप में संभव होगा, जिले के लोगों के लिए काम करती रहेंगी। उस समय उन्हें यह स्पष्ट नहीं था कि भविष्य में किस भूमिका में रहकर वह मिर्जापुर के लिए योगदान दे पाएंगी। उन्होंने कहा कि उनके अगले कदम को लेकर जो भी फैसला होगा, उसकी जानकारी वह सार्वजनिक रूप से देंगी।
फिलहाल, दिव्या मित्तल के इस बयान के बाद उनके अगले ऐलान का इंतजार बढ़ गया है। अब देखना होगा कि नवरात्रि के दौरान वह अपने भविष्य की भूमिका को लेकर क्या घोषणा करती हैं।




