Mirzapur News : जंगल में मिला महिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विंध्य विश्वविद्यालय परिसर के पास स्थित जंगल में एक 45 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान सोनभद्र जिले के घोरावल निवासी तेतरी

mirzapur
3:54 PM, February 9, 2026
मिर्जापुर । मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विंध्य विश्वविद्यालय परिसर के पास स्थित जंगल में एक 45 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान सोनभद्र जिले के घोरावल निवासी तेतरी (पत्नी रामपति) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, तेतरी विंध्य विश्वविद्यालय परिसर में एक ठेकेदार के अधीन मजदूरी का काम करती थीं। प्रतिदिन की तरह वह सुबह काम पर आई थीं और शाम करीब 5 बजे छुट्टी होने के बाद उन्हें घर पहुंचना था। लेकिन जब देर रात तक वह घर नहीं लौटीं और उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। और फिर सुबह जंगल में उनका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले तेतरी ने अपने पति रामपति से फोन पर बात की थी, लेकिन उसके तुरंत बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ ऑपरेशन शिखा भारती, मड़िहान थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और परिजनों ने इसे हत्या की आशंका जताया।
सीओ ऑपरेशन शिखा भारती ने मीडिया को बताया कि "शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ठेकेदार, सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।"



