Sonbhadra News : सड़क सुरक्षा पखवाड़ा : परिवहन विभाग ने बसों के खिलाफ चलाया अभियान, 24 वाहनों का चालान
जांच के दौरान रेणुकूट से वाराणसी के बीच संचालित एक बस बिना फिटनेस के चलती मिली, जिस पर चालान की कार्रवाई की गई।

sonbhadra
7:42 PM, November 18, 2026
शान्तनु विश्वास
० बिना फिटनेस और परमिट शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई, सुकृत चौकी क्षेत्र में एक बस सीज
सोनभद्र। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत परिवहन विभाग की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान बसों की जांच के साथ वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। अभियान में एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन कौशल कुमार सिंह ने परमिट शर्तों के उल्लंघन में सात बसों का चालान किया। वहीं, एआरटीओ प्रवर्तन सुधा सिंह ने बसों की जांच के दौरान 13 वाहनों का चालान किया। इसके अलावा पीटीओ मनोज कुमार गुप्ता ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर चार वाहनों का चालान किया।
जांच के दौरान रेणुकूट से वाराणसी के बीच संचालित एक बस बिना फिटनेस के चलती मिली, जिस पर चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र में परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर संचालित हो रही एक बस को सीज कर दिया गया। एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत अभियान चलाकर नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मालवाहक वाहनों में सवारी ढोना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे वाहनों के पकड़े जाने पर चालान के साथ सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। परिवहन विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




