Mirzapur News : विंध्याचल में श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों का हमला, 25 घायल, 5 की हालत गंभीर
विंध्याचल धाम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मधुमक्खियों के झुंड ने श्रद्धालुओं पर अचानक हमला कर दिया। घटना अटल चौक के पास की बताई जा रही है ।

mirzapur
4:25 PM, May 1, 2026
मिर्जापुर । विंध्याचल धाम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मधुमक्खियों के झुंड ने श्रद्धालुओं पर अचानक हमला कर दिया। घटना अटल चौक के पास की बताई जा रही है ।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे। इसी दौरान कुछ लोग पास में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे भोजन बना रहे थे। खाना बनाते समय उठे धुएं से पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियां भड़क गईं और अचानक लोगों पर हमला कर दिया।
इस हमले में करीब 25 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से विंध्याचल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु रायबरेली से विंध्याचल दर्शन के लिए आए थे। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।




