Mirzapur News : मिर्जापुर में अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात
कटरा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक अधिवक्ता की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।

mirzapur
6:09 PM, April 11, 2026
मिर्जापुर । जनपद के कटरा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक अधिवक्ता की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मृतक की पहचान ग्राम देवरी निवासी अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सद्भावना नगर इलाके में सुबह टहलने निकले थे, तभी बाइक से आए दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। एक हमलावर बाइक से उतरकर नजदीक गया और देसी तमंचे से गोली मार दी।
घटना के बाद हमलावर मौके से भागने लगे, लेकिन बाइक स्टार्ट होने में कुछ क्षण का समय लगा। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने तमंचा लहराकर उन्हें धमका दिया और फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अधिवक्ता को तत्काल जिला मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अधिवक्ता पर पहले भी दो बार जानलेवा हमला हो चुका था। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र भी दिया था, लेकिन आरोप है कि इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल एक आरोपी की पहचान राजेंद्र सोनकर के रूप में हुई है, जो उसी गांव का निवासी बताया जा रहा है और फिलहाल फरार है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आपसी विवाद के चलते अधिवक्ता को गोली मारी गई है, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। परिजनों की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



