Mirzapur News : भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत
डामंडगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन में आग लग गई और दस लोग मरने की खबर है।

mirzapur
12:00 AM, April 23, 2026
मिर्जापुर । डामंडगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों के जिंदा जलने की खबर है। अब तक कुल 10 लोगों के मरने की जानकारी आ रही है।
घटना बड़का मोड़ के पास मिर्जापुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात करीब 10 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश की ओर से चना लेकर आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और घाटी से नीचे उतर रही बोलेरो से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो आगे चल रहे गिट्टी से लदे ट्रक में जा घुसी और दोनों ट्रकों के बीच फंस गई।
भीषण टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो में आग लग गई, फिर देखते ही देखते कुछ ही देर में आग विकराल रूप ले लिया। वाहन में बैठे लोग आग की लपटों में घिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण किसी को बाहर निकाल पाना मुश्किल हो गया। सूत्रों के मुताबिक बोलोरो में कुल 8 लोग सवार रहे जिनमें दो महिलाएं, दो बच्चे शामिल होने की खबर है। वहीं दूसरी ओर ट्रक के खलासी की भी मौत हो गई है जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने जले हुए शवों को बाहर निकालकर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



