कोलकाता में होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत
कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

kolkata
11:26 AM, August 19, 2026
कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, होटल में ठहरे अधिकांश लोग बांग्लादेश के सीमावर्ती इलाकों से आए थे। बताया जा रहा है कि ये लोग इलाज के सिलसिले में कोलकाता पहुंचे थे।
रात करीब तीन बजे के बाद राहत और बचाव टीम ने होटल से नौ लोगों को बाहर निकाला और तत्काल कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि करीब 80 लोगों को सुरक्षित होटल से बाहर निकाल लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। पुलिस ने होटल के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों के साथ-साथ होटल में सुरक्षा मानकों और घटना के दौरान हुई लापरवाही की भी जांच कर रही है।




