नेपाल की जेल में बड़ी सेंधमारी, 4.63 मीटर लंबी सुरंग बनाकर छह कैदी फरार
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब जेल प्रशासन की ओर से नियमित रूप से कैदियों की गिनती की जा रही थी। गिनती के दौरान छह कैदी गायब मिले।

nepal
9:23 AM, November 1, 2026
नेपाल। पड़ोसी देश नेपाल के डोल्पा जिले के जेल से एक हैरान करने वाली खबर आई है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फिल्मी अंदाज में यहां बंद छह कैदी जेल परिसर से सुरंग बनाकर फरार हो गए। कैदियों ने बैरक से जेल की बाहरी दीवार तक करीब 4.63 मीटर लंबी सुरंग खोदी और इसी रास्ते सुरक्षा घेरा तोड़कर भाग निकले।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब जेल प्रशासन की ओर से नियमित रूप से कैदियों की गिनती की जा रही थी। गिनती के दौरान छह कैदी गायब मिले। इसके बाद जेल अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय जेल में कुल 17 कैदी बंद थे। फरार हुए छह बंदियों में चार चोरी और दुष्कर्म के मामलों में सजा काट रहे थे, जबकि दो विचाराधीन कैदी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद डोल्पा पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश में अभियान तेज कर दिया है। वहीं, उनके भारतीय सीमा की ओर भागने की आशंका को देखते हुए बेलहिया सीमा चौकी सहित भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जेल परिसर के भीतर सुरंग खोदकर छह कैदियों का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां फरार बंदियों की तलाश में जुटी हैं।




