Lucknow News : फरीदपुर विधायक की हार्ट अटैक से मौत, एक दिन पूर्व ही मनाया था जन्मदिन
बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा से विधायक डॉ0 श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। डॉ0 श्याम बिहारी सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे हुए....

फ़ाइल फोटो... विधायक श्याम बिहारी लाल....
lucknow
6:41 PM, January 2, 2026
जनपद न्यूज ब्यूरो
लखनऊ । बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा से विधायक डॉ0 श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। डॉ0 श्याम बिहारी सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे हुए थे। बैठक के बाद उनकी तबीयत खराब हुई। सांस लेने में दिक्कत होने पर श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में ही लेट गए। आराम न मिलने पर उन्हे पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉ0 श्याम बिहारी फरीदपुर से दूसरी बार विधायक बने थे। पहली जनवरी को उन्होंने समर्थकों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। निधन की सूचना पर शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल और आवास पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
काफ़ी प्रयास के बाद भी नहीं बचाया जा सका -
अस्पताल के डॉ0 विमल भारद्वाज के मुताबिक, सीने में अचानक तेज दर्द होने पर विधायक डॉ0 श्याम बिहारी लाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भर्ती किए जाने तक उनकी हालत काफी बिगड़ चुकी थी। उन्हें बचाने के लिए सीपीआर समेत तमाम चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई। वेंटीलेटर पर लिए गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
एक दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन -
श्याम बिहारी लाल का जन्म एक जनवरी 1966 को शाहजहांपुर जिले में हुआ था। वह उच्च शिक्षित राजनेता थे। उन्होंने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था। शुक्रवार को उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा नेता समेत तमाम लोग उनके आवास व अस्पताल पहुंच गए।
फरीदपुर से दो बार चुने गए थे विधायक -
डॉ0 श्याम बिहारी लाल पहली बार 2017 में फरीदपुर विधानसभा (आरक्षित) सीट से भाजपा के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने फिर से फरीदपुर क्षेत्र से जीत हासिल की और दूसरी बार विधायक बने। वह एक उच्च शिक्षित नेता थे। वह रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे।
सीएम योगी ने जताया शोक संवेदना -
डॉ0 श्याम बिहारी लाल के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा, "विधायक डॉ0 श्याम बिहारी लाल का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन शक्ति प्रदान करें।"



