Lakhimpur Kheri news : मच्छरों के खिलाफ अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान, घर-घर होगी रोगों की पड़ताल
बारिश के बाद बढ़े मच्छरों के प्रजनन और संचारी रोगों की आशंका को देखते हुए जिले में अक्टूबर माह के दौरान विशेष अभियान चलाया जाएगा।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर-खीरी । बारिश के बाद बढ़े मच्छरों के प्रजनन और संचारी रोगों की आशंका को देखते हुए जिले में अक्टूबर माह के दौरान विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व में मच्छरों के लार्वा स्रोत खत्म करने, जलभराव दूर कराने और संवेदनशील इलाकों में वेक्टर नियंत्रण की गतिविधियां तेज की जाएंगी।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की तैयारियों को लेकर अंतरविभागीय बैठक हुई। अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
1 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा, जबकि 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान आयोजित किया जाएगा। सभी संबंधित विभागों को अपना माइक्रोप्लान 27 सितंबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अभियान के दौरान नालियों की सफाई, जलभराव की निकासी, कूड़ा निस्तारण, झाड़ियों की कटाई, खुले नालों को ढकने और जरूरत के अनुसार फॉगिंग कराने पर जोर रहेगा। हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाएगी।
दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बुखार, टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार समेत अन्य रोगों के लक्षण वाले लोगों की पहचान करेंगी। साथ ही कुपोषित बच्चों और घरों में मौजूद मच्छरों के प्रजनन स्थलों की भी जानकारी जुटाई जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अलावा पंचायतीराज, शिक्षा, पशुपालन, कृषि, सिंचाई, उद्यान, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।