Lakhimpur Kheri news : स्कूल के कॉरिडोर में दो मौतों से सनसनी: महिला टीचर को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को भी मारी गोली
सदर थाना क्षेत्र में जय बड़ा डाकखाना के पास सोमवार सुबह एक स्कूल परिसर में हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई।

lakhimpur kheri
2:10 PM, September 21, 2026
उमेश कुमार शर्मा (संवाददाता)
-- चिल्ड्रन एकेडमी में मिलने पहुंचा युवक, बातचीत के दौरान हुई फायरिंग; दोनों की मौके पर मौत
लखीमपुर खीरी। शाहपुरा कोठी चौराहे के पास सोमवार सुबह एक स्कूल परिसर में हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। चिल्ड्रन एकेडमी के में करीब 11:30 बजे एक महिला शिक्षिका और युवक की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा से मिलने के लिए 28 वर्षीय नौरंगाबाद निवासी सउद अंसारी स्कूल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोनों स्कूल की सीढ़ियों से होते हुए कॉरिडोर की ओर गए।
बताया गया कि दोनों कॉरिडोर में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान युवक ने अपने बैग से कथित तौर पर तमंचा निकाला और निशात फातिमा पर गोली चला दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय स्कूल में करीब 350 बच्चे मौजूद थे। गोलियों की आवाज से स्कूल में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीओ सिटी विवेक तिवारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के अनुसार, घटना के संबंध में परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के संबंध में स्थिति और अधिक स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




