Sonbhadra News : चुर्क नगर पंचायत के आठ सभासदों ने डीएम को सौंपा इस्तीफा, चेयरमैन पर लगाए मनमानी के आरोप
एक साथ आठ निर्वाचित सभासदों की ओर से त्यागपत्र सौंपे जाने का मामला अब नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में चर्चा का विषय बना हुआ है।

sonbhadra
4:49 PM, November 19, 2026
शान्तनु विश्वास
० तीन वर्षों से लगातार उपेक्षा और मनमाने तरीके से कार्य कराने का आरोप
० शपथ पत्र के साथ जिलाधिकारी को सौंपा त्यागपत्र
सोनभद्र। नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में अध्यक्ष और सभासदों के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। नगर पंचायत के आठ निर्वाचित सभासदों ने सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लेते हुए जिलाधिकारी को त्यागपत्र एवं शपथ पत्र सौंपा है। इस घटनाक्रम के बाद नगर पंचायत की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि चेयरमैन प्रतिनिधि ने सभी आरोप को निराधार बताया है ।
जिलाधिकारी को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में सभासदों ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और अवर अभियंता (जेई) की कार्यप्रणाली से वे पिछले काफी समय से असंतुष्ट हैं। उनका कहना है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उनकी बातों, सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया जाता तथा नगर पंचायत में मनमाने तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं।
सभासदों के मुताबिक, पिछले करीब तीन वर्षों से नगर पंचायत में लगातार उनकी उपेक्षा की जा रही है। विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर जब भी वे अपनी बात अध्यक्ष के सामने रखते हैं, तो कथित तौर पर उन्हें यह जवाब दिया जाता है कि जहां जाना है और जिसके यहां शिकायत करनी है, वहां जाकर शिकायत करें। सभासदों का आरोप है कि इस तरह के व्यवहार से वे खुद को अपमानित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
सभासदों ने बताया कि लगातार अनदेखी और कार्यप्रणाली से नाराज होकर उन्होंने सामूहिक रूप से पद छोड़ने का फैसला लिया है। इसी क्रम में सभी आठ सभासदों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर शपथ पत्र के साथ अपना त्यागपत्र सौंपा और उसे स्वीकार करने की मांग की। साथ ही नगर पंचायत की कार्यप्रणाली की जांच कराने तथा जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।
एक साथ आठ निर्वाचित सभासदों की ओर से त्यागपत्र सौंपे जाने का मामला अब नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि ओम प्रकाश यादव ने सभी आरोप को निराधार बताया है । उनका कहना है कि किसी के सम्मान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं किया गया है ।
उधर एडीएम ने मामले में चेयरमैन से बात करने की बात कही है ।
बहरहाल अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और सभासदों की शिकायतों पर किस तरह की कार्रवाई होती है।
त्यागपत्र सौंपने वालों में सभासद सूरज चंद्रवंशी, रूपेश कुमार, अजय सिंह, असफाक, पार्वती, उषा देवी, विशाल सिंह एवं आरती देवी शामिल रहीं।




