Lakhimpur Kheri news : स्कूलों की सुरक्षा होगी चाक-चौबंद, डीएम-एसपी ने जारी किए सख्त निर्देश
जिले के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधनों को कई अहम निर्देश जारी किए हैं।

lakhimpur kheri
9:39 PM, September 23, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। जिले के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधनों को कई अहम निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को अटल सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
डीएम ने कहा कि अभिभावक विश्वास के साथ अपने बच्चों को विद्यालय भेजते हैं, इसलिए स्कूल के मुख्य द्वार से लेकर पूरे परिसर तक सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। आगंतुकों का सत्यापन और अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने बताया कि विद्यालयों में एक मुख्य गेट का संचालन, विजिटर रजिस्टर में पूरा विवरण दर्ज करने तथा पिक एंड ड्रॉप के दौरान आई-कार्ड या ओटीपी से पहचान सुनिश्चित करने की व्यवस्था लागू की जाएगी। पुलिस बीट अधिकारियों को नोडल सुरक्षा अधिकारी बनाकर 16 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर नियमित सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा।
विद्यालयों के कॉरिडोर, पार्किंग और टॉयलेट जाने वाले मार्गों पर सीसीटीवी निगरानी, कैमरों के संचालन का दैनिक रिकॉर्ड और डीवीआर की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षकों, संविदाकर्मियों, बस चालकों, कैंटीन कर्मचारियों और सफाईकर्मियों का हर छह माह में पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए।
आपात स्थिति के लिए पैनिक बटन और इमरजेंसी अलार्म लगाने तथा 1098, 112 और 1090 हेल्पलाइन नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने को कहा गया। सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम ने अभिभावकों से दोपहिया वाहन पर बच्चों को ले जाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।
बैठक में डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, बीएसए प्रवीण तिवारी, स्ववित्त पोषित विद्यालय प्रबंधक संघ के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, महासचिव रमेश पांडिया, शिक्षाविद नीरज सिंह समेत जिले के विद्यालय प्रबंधक मौजूद रहे।




