Lakhimpur Kheri news : शौच के लिए खेत में बैठे ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, मचा हड़कंप
दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया/लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार शाम मझगई रेंज के छब्बापुरवा गांव में शौच के लिए खेत की ओर गए एक ग्रामीण पर तेंदुए ने पीछे से हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार छब्बापुरवा निवासी लाले पाल (लगभग 35 वर्ष) पुत्र परवन शुक्रवार शाम घर से कुछ दूरी पर शौच के लिए गया था। बताया गया कि जैसे ही वह खेत में बैठा, पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से लाले ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
ग्रामीण की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने लाठी-डंडे लेकर तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ दिया। हमले में घायल लाले की सूचना मझगई रेंज के रेंजर अंकित कुमार सिंह को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीण को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वन विभाग की टीम ने घायल ग्रामीण को तत्काल नगद सहायता राशि उपलब्ध कराई। वहीं विभाग की ओर से नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाए जाने की प्रक्रिया की बात कही गई है।
मझगई रेंज के रेंजर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और वहां मिले पगचिह्नों की जांच कर तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।