Lakhimpur kheri news : कलयुगी बेटे की हैवानियत: माता-पिता पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, दोनों गंभीर
दिल दहला देने वाली इस घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए।

lakhimpur kheri
4:03 PM, October 19, 2026
- लखीमपुर खीरी के निघासन में रिश्ते शर्मसार, पिता लखनऊ रेफर, मां का लखीमपुर में इलाज जारी; आरोपी बेटा भी झुलसा
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
निघासन (लखीमपुर खीरी)। घरेलू विवाद सुलझाने पहुंचे माता-पिता को उनके ही बेटे ने कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। दिल दहला देने वाली इस घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। पिता की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है, जबकि मां का इलाज लखीमपुर में चल रहा है। घटना के दौरान आरोपी बेटा भी झुलस गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला निघासन थाना क्षेत्र के चखरा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी बलराम के घर में उनके बेटे सपालू और बहू के बीच विवाद हो रहा था। विवाद शांत कराने के लिए बलराम अपनी पत्नी के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान आरोप है कि सपालू ने अपने ही माता-पिता पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से बलराम और उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन व ग्रामीण दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। बलराम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का उपचार लखीमपुर में जारी है।
बताया जा रहा है कि माता-पिता को आग लगाने के दौरान आरोपी सपालू का हाथ भी झुलस गया। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




