Lakhimpur Kheri news : अतिवृष्टि से फसल बर्बाद तो 72 घंटे में दर्ज कराएं दावा
जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और अतिवृष्टि के चलते खरीफ की फसलों पर नुकसान का खतरा बढ़ गया है।

lakhimpur kheri
5:38 PM, September 26, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और अतिवृष्टि के चलते खरीफ की फसलों पर नुकसान का खतरा बढ़ गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों को फसल क्षति की स्थिति में निर्धारित समय के भीतर सूचना देने की अपील की गई है।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि यदि किसी किसान की अधिसूचित खरीफ फसल अतिवृष्टि अथवा खेत में जलभराव के कारण प्रभावित हुई है, तो वह क्षति होने के 72 घंटे के अंदर अपनी सूचना दर्ज करा सकता है। इसके लिए किसान टोल-फ्री नंबर 14447 पर संपर्क करने के साथ Crop Insurance App के माध्यम से भी क्षति की जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर प्राप्त शिकायतों पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। व्यक्तिगत फसल क्षति की सूचना मिलने के बाद कृषि विभाग, राजस्व विभाग तथा संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर नुकसान का सत्यापन और आकलन किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि बारिश या जलभराव से फसल प्रभावित होने पर सूचना देने में देरी न करें। किसान अपनी क्षति से संबंधित आवश्यक अभिलेख एवं अन्य विवरण भी सुरक्षित रखें, ताकि क्षतिपूर्ति दावे के निस्तारण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।




