Lakhimpur kheri news : पलिया-भीरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो छात्राओं समेत तीन की मौत
सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम की दो छात्राओं समेत तीन लोगों की जान चली गई।

lakhimpur kheri
8:29 PM, October 17, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
◆ तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार; पुलिस ने शुरू की तलाश
लखीमपुर खीरी। जिले के भीरा-पलिया हाईवे पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम की दो छात्राओं समेत तीन लोगों की जान चली गई। हादसा भीरा कस्बे से करीब एक किलोमीटर दूर रपटा पुल के पास हुआ, जहां ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, निघासन क्षेत्र के बोटन पूर्वा निवासी 24 वर्षीय क्रांति पुत्री रामखिलावन वन बीट कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। वहीं, 25 वर्षीय प्रियंका पुत्री पृथ्वीपाल इसी कॉलेज से जीएनएम का कोर्स कर रही थीं। कॉलेज में अवकाश होने के कारण दोनों छात्राएं एक रिश्तेदार के साथ बाइक से घर लौट रही थीं।
बताया गया कि भीरा से पलिया की ओर जाते समय रपटा पुल के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक ट्रक में फंसकर सड़क पर करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर भीरा थाना प्रभारी अमित पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर भेज दिया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में मातम छा गया। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।




