Lakhimpur Kheri news : हाथियों का कहर: फसल बचाने पहुंचे ग्रामीणों पर किया हमला, दो गंभीर घायल
उत्तर निघासन रेंज की भैरमपुर चौकी के आसपास जंगल से सटे खेतों में मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
उत्तर निघासन रेंज की भैरमपुर चौकी के आसपास जंगल से सटे खेतों में मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया।

ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। उत्तर निघासन रेंज की भैरमपुर चौकी के आसपास जंगल से सटे खेतों में मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। दुधवा नेशनल पार्क की ओर से पहुंचे हाथियों ने धान और गन्ने की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। फसलों को बचाने के लिए ग्रामीणों ने हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया, इसी दौरान दो ग्रामीण हाथियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
भैरमपुर निवासी रामअवतार चौहान के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे उनका 40 वर्षीय पुत्र रामकुमार चौहान और 30 वर्षीय लाड़ी चौहान अन्य ग्रामीणों के साथ खेतों की निगरानी कर रहे थे। इसी बीच हाथियों का झुंड खेतों में आ पहुंचा। ग्रामीणों ने शोर मचाने के साथ पटाखे चलाकर हाथियों को दूर भगाने की कोशिश की। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे हाथियों ने रामकुमार और लाड़ी पर हमला कर दिया।
हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वन विभाग से गश्त बढ़ाने और मुआवजे की मांग
घटना के बाद बुधवार को ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जंगल से सटे इलाकों में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और जंगली हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि फसलों की रखवाली के लिए उन्हें रात में खेतों में जाना पड़ता है, जिससे जंगली जानवरों के हमले का खतरा बना रहता है। उन्होंने क्षतिग्रस्त फसलों का उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
उत्तर निघासन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। जंगल से लगे क्षेत्रों में वनकर्मियों की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सम्बंधित खबर