Lakhimpur Kheri news : जलभराव से जूझते इलाकों में पहुंचे डीएम, मौके पर ही अफसरों को दिए राहत के निर्देश
शहर और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए पहुंचे।

lakhimpur kheri
7:28 PM, September 29, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी । शहर और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने पटेल नगर, राजापुर और राजाजीपुरम में पहुंचकर जलनिकासी की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जलनिकासी में आ रही बाधाओं को मौके पर देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी की निकासी में जहां भी अवरोध है, उसे तत्काल चिन्हित कर दूर कराया जाए। उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाने पर जोर दिया गया।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति सामान्य होने तक निगरानी बनाए रखें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने प्रभावित परिवारों से उनकी परेशानियों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मौके पर बीडीओ संदीप कुमार सिंह, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता एवं टीम के अलावा लखीमपुर ब्लॉक की प्रशासक दिव्या सिंह, ग्राम पंचायत राजापुर के प्रशासक, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




