Lakhimpur Kheri news : बाढ़ से फसलें बर्बाद, ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा और नया पुल
मकनपुर में लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम पुष्कर को ज्ञापन सौंपा।

lakhimpur kheri
7:16 PM, September 29, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया खीरी। ग्राम पंचायत मकनपुर में लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम पुष्कर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बाढ़ से नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने और आवागमन के लिए पुल निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, 22 अगस्त से क्षेत्र में बाढ़ का पानी जमा है। इससे धान, गन्ना, सब्जियों और पशु चारे को भारी नुकसान हुआ है। कई घरों में पानी घुसने से भूसा भी खराब हो गया। बिलाहिया फार्म में ग्रामीणों की नाव ही आवागमन का प्रमुख साधन बनी हुई है।
ग्रामीणों ने दुधवा रोड स्थित वंशीनगर रपटा पुल के पास नया पुल बनाने तथा सुहेली नदी और नकहुआ नाले में जमा सिल्ट हटाकर जल निकासी दुरुस्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि जलभराव से मकनपुर समेत आसपास के कई गांव प्रभावित हैं।
ज्ञापन देने वालों में हरिंदर सिंह, सोनी, मनोहर, रवि कुमार, दिलीप कुमार, देवेंद्र सिंह, राजेश, हंस राज सिंह, प्रकाश, मिथिलेश कुमार, जगरूप सिंह और नरेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




