भारत-रूस साझेदारी एक बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था को मजबूत करेगी- व्लादिमीर पुतिन
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि भारत-रूस संबंध भरोसे और सम्मान पर टिके हैं और दोनों देश 2030 तक 100 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य प्राप्त करेंगे।

delhi
9:44 PM, December 5, 2025
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दौरे पर हैं। गुरुवार को वह दिल्ली पहुंचे, जहां पीएम मोदी ने खुद एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आज रूसी राष्ट्रपति के दौरे का दूसरा दिन है। आज पुतिन और पीएम मोदी ने 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया।
वहीं प्रेस ब्रीफिंग में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि भारत-रूस संबंध भरोसे और सम्मान पर टिके हैं और दोनों देश 2030 तक 100 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य प्राप्त करेंगे। उन्होंने यूक्रेन मुद्दे पर शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन किया और कहा कि इस प्रक्रिया में अमेरिका भी शामिल है ।’ रूस ने न्यूक्लियर ऊर्जा, प्राकृतिक गैस, शिपिंग, रक्षा आधुनिकीकरण और मेक इन इंडिया परियोजनाओं में सहयोग जारी रखने की पुष्टि की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत-रूस साझेदारी एक बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था को मजबूत करेगी।
भारत-रूस के बीच 19 समझौतों पर मुहर लगी हैं। इनका मकसद भारत-रूस व्यापार बढ़ाना है। भारत-रूस के बीच शिप बिल्डिंग, भारतीय नाविकों को बर्फीले (पोलर) समुद्री इलाकों में जहाज चलाने की ट्रेनिंग, नई शिपिंग लेन पर निवेश, सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) पर समझौते और MoU साइन किए गए।



