मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, 74 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

mumbai
11:49 PM, August 4, 2026
बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर है। अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए प्रदीप रावत के निधन की जानकारी साझा की।
प्रदीप रावत ने हिंदी सिनेमा के साथ-साथ कई दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। आमिर खान की चर्चित फिल्म ‘लगान’ में उनके ‘देवा’ किरदार को काफी पसंद किया गया था। वहीं फिल्म ‘गजनी’ में भी उन्होंने अपने अभिनय की अलग छाप छोड़ी थी।
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ से की थी। इस सीरियल में उन्होंने अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बनाई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप रावत पिछले कुछ वर्षों से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। उपचार के बाद उनकी सेहत में सुधार की खबरें आई थीं, लेकिन हाल के महीनों में उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि वह अस्पताल में भर्ती थे और पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
‘लगान’ में प्रदीप रावत के साथ काम कर चुके अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने प्रदीप रावत को याद करते हुए उन्हें ‘लगान’ का देवा और ‘गजनी’ का गजनी बताया तथा दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार बुधवार को किया जा सकता है।




