झारखंड में भी बटोगे तो कटोगे के साथ एक रहोगे नेक रहोगे का लगा नारा
झारखंड के नगर उटारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बटोगे तो कटोगे के साथ एक रहोगे नेक रहोगे का नारा कई बार लोगों से लगवाया। उन्होंने कहा कि आपस में अब बंटना नहीं है। एक रहना है।

झारखंड के नगर उटारी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा में उमड़ी भीड़
jharkhand
12:11 AM, November 12, 2024
शान्तनु कुमार/धर्मेंद्र गुप्ता
विण्ढमगंज सोनभद्र यू पी बॉर्डर से 10 किलोमीटर दूर झारखंड के नगर उटारी में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोसाई बाग मैदान में भाजपा उम्मीदवार भानू प्रताप शाही के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया । इस दौरान योगी ने कहा कि झारखंड में हो रही विधान सभा चुनाव झारखंड की तकदीर और तस्वीर बदलने वाली चुनाव है। विकसित झारखंड बनाने के लिए भाजपा को बहुमत से चुनाव में जिताने की जरूरत है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सुरक्षा, विकास, सम्मान के लिए काम करती है। मोदी जी के मार्गदर्शन में भाजपा कई जनउपयोगी योजनाओं को चला रही है। करोड़ों लोगों को आवास योजना, शौचालय योजना, उज्ज्वल योजना, फ्री राशन का लाभ, आयुष्मान योजना का लाभ देकर सशक्त और सम्मान देने का काम किया गया है। 5 साल से झारखंड में भ्रष्टाचार, अराजकता का बोलबाला है। प्राकृतिक संसाधनों का लुट हो रहा है। अपराध चरम पर है। बहन बेटियों के साथ रोजाना अपराध की घटनाएं घट रही है। इन सबको रोकना है तो भाजपा की सरकार बनानी होगी। अपराधी, अराजकता करने वाले, पर्व त्यौहार पर व्यवधान डालने वाले लोगों का भाजपा समुचित इलाज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपए, 500 रुपए में गैस के साथ पर्व पर साल में दो बार मुफ्त गैस सिलेंडर, बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से भानू प्रताप शाही को समर्थन देने की अपील की।
परिवारवाद पर चोट
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झारखंड में तीन परिवार के लोगों का शासन है। इनको गरीबों की चिंता नहीं है। एक परिवार रांची, एक पटना और एक दिल्ली में बैठता है। इन तीनों को जनता की नही सिर्फ अपने परिवार की चिंता है। तीनो परिवार झारखंड को लूटने में मस्त है। जनता बेहाल है।
बांग्लादेश घुसपैठियों की हितैषी है सत्तासीन पार्टी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झारखंड में सत्ता में बैठे लोगों को आम जनता की चिंता नहीं है। ये बांग्लादेशी घुसपैठियों के हितैषी है। बंगला देशी घुसपैठी झारखंड में आकर अराजकता करते हैं। बहन बेटियों की सुरक्षा के लिए ये खतरा है। लेकिन सत्ता में बैठे लोग इनपर कोई कार्रवाई नहीं करते। झारखंड में भाजपा की सरकार बनने दीजिए इनकी अराजकता खत्म हो जाएगी।




