Double Murder : 48 घंटे के बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर आरोपी, गम और गुस्से में पीड़ित परिजन
रॉबर्ट्सगंज थाने से महज 300 मीटर दूर बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी और उनकी पत्नी की हुई सनसनीखेज हत्या के 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई।

सोनभद्र
10:11 AM, August 12, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज थाने से महज 300 मीटर दूर बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी और उनकी पत्नी की हुई सनसनीखेज हत्या के 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई। मामले की जांच में जुटी पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। जिससे मृतक के परिजन अपनी सुरक्षा क़ो लेकर भी डरे हुए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ0 यशवीर सिंह जल्द ही हत्याकांड के खुलासा का दावा कर रहे हैं।
गौरतलब हो कि शनिवार की रात में रॉबर्ट्सगंज नगर के धर्मशाला चौक के पास स्थित राज पैलेस के पास अपने मकान में सो रहे बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी धर्मेंद्र कुमार (45वर्ष) और उनकी पत्नी मंजू देवी (42वर्ष) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी धर्मेंद्र की पिस्टल, ब्याज पर बांटे गए पैसे के हिसाब का रजिस्टर और कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी उठा ले गए हैं।
वहीं डीआईजी और एसपी के निर्देश पर सदर कोतवाली, कस्बा चौकी, सर्विलांस, एसओजी, अपराध शाखा सहित कुल सात टीमें हत्या का खुलासा करने के लिए लगाई गई हैं। जहां अलग-अलग टीमों ने दिनभर ब्रह्मनगर की पहली गली से लेकर छठी गली तक जगह-जगह दुकानों या आवासीय परिसरों में लगे कैमरों को खंगाला तो कुछ संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई। इस दौरान पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ0 यशवीर सिंह ने बताया कि "पुलिस की सात टीमें मामले की जाँच में जुटी हैं। कई संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा।"




