Sonbhadra News : पीएम श्री विद्यालय के छात्र-छात्राओं का दल एक्सपोजर विजिट के लिए आईआईटी दिल्ली रवाना
भ्रमण के दौरान विद्यार्थी आईआईटी दिल्ली के साथ ही नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन, नेशनल साइंस सेंटर तथा दिल्ली के अन्य ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

sonbhadra
6:31 PM, October 25, 2026
शांतनु कुमार
० जिलाधिकारी एवं सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी
० पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान
० आईआईटी दिल्ली, नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन एवं नेशनल साइंस सेंटर का भ्रमण करेंगे विद्यार्थी
सोनभद्र। सोनभद्र के चार पीएम श्री विद्यालयों के 160 छात्र-छात्राओं का दल पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट के लिए रविवार को आईआईटी दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस शैक्षणिक भ्रमण में राजकीय इंटर कॉलेज कोन, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी एवं राजकीय इंटर कॉलेज चपकी के 40-40 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। भ्रमण कार्यक्रम 25 अक्टूबर से 29 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थी आईआईटी दिल्ली के साथ ही नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन, नेशनल साइंस सेंटर तथा दिल्ली के अन्य ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उच्च शिक्षा एवं बेहतर करियर के प्रति प्रेरित करना है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक्सपोजर विजिट बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक दुनिया से जुड़ने का अवसर प्रदान करती है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों की सोच का विस्तार होता है, उनमें नई चीजों को जानने-समझने की जिज्ञासा बढ़ती है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर की राह प्रशस्त होती है।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने इस कार्यक्रम को छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों एवं महत्वपूर्ण स्थलों को करीब से देखने-समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सफल भ्रमण एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र जयराम सिंह ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा अरविंद सिंह चौहान को जनपद नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वह पूरे भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ रहेंगे। प्रत्येक विद्यालय से तीन-तीन यात्रा प्रभारी एवं सह-प्रभारी भी विद्यार्थियों के साथ भेजे गए हैं।




