जौहर अली यूनिवर्सिटी के ध्वस्तिकरण आदेश पर कमिश्नर कोर्ट ने अगली सुनवाई तक लगाई रोक
रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश पर मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर कोर्ट ने अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।

rampur
11:36 AM, July 28, 2026
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान की जौहर अली यूनिवर्सिटी को बड़ी राहत मिली है। रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश पर मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर कोर्ट ने अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।
राहत की खबर मिलते ही पिछले 10 दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में धरना दे रहे छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
धरना दे रही छात्राओं ने कहा कि फिलहाल केवल ध्वस्तीकरण आदेश पर अंतरिम राहत मिली है, जबकि उनकी अन्य मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं। उनका कहना है कि जब तक विश्वविद्यालय की सभी 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश पूरी तरह निरस्त नहीं किए जाते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
छात्रों ने मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह का आभार व्यक्त किया और न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए बड़ी राहत बताया।




