Lakhimpur Kheri news : पांच रुपये का लालच, चार साल की मासूम से हैवानियत का आरोप; 60 वर्षीय बुजुर्ग हिरासत में
सिंगहा कला गांव में रविवार सुबह चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया।

lakhimpur kheri
3:07 PM, September 6, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
सिंगाही खीरी। थाना क्षेत्र के सिंगहा कला गांव में रविवार सुबह चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग पर बच्ची को पांच रुपये देने का लालच देकर अपने साथ ले जाने और बकरी के बाड़े में उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी उसे पांच रुपये देने की बात कहकर अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ हैवानियत की। घटना के बाद बच्ची लहूलुहान हालत में किसी तरह घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई। मासूम की हालत देखकर परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ निघासन शिवम कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




