दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हंगामा, पायलट पर चाकू से हमले की सूचना
Flightradar24 के अनुसार, यह ऊंचाई करीब एक मिनट के भीतर बदली। इसके बाद विमान ने जॉर्डन की सीमा के पास चक्कर लगाए और आपात स्थिति में सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।

delhi
11:48 PM, September 30, 2026
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों के मुताबिक, उड़ान के दौरान कॉकपिट में एक पायलट पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया। घटना के बाद कॉकपिट में खून फैल गया और चीख-पुकार की स्थिति बन गई।
हालात बिगड़ने पर विमान करीब 33-34 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया और लगभग 17 हजार फीट तक पहुंच गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, यह ऊंचाई करीब एक मिनट के भीतर बदली। इसके बाद विमान ने जॉर्डन की सीमा के पास चक्कर लगाए और आपात स्थिति में सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।
बताया जा रहा है कि विमान दुबई से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद विमान की ओर से आपातकालीन संकेत भेजा गया। इसके बाद पायलटों ने विमान का रुख तबुक की ओर किया।
यात्रियों के अनुसार, कॉकपिट के अंदर से चीखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। कुछ देर बाद जब कॉकपिट का दरवाजा खुला तो वहां खून दिखाई दिया और एक पायलट के घायल होने की जानकारी सामने आई। एक महिला यात्री ने इजरायली मीडिया को बताया कि कथित तौर पर पायलट पर जेब में रखे चाकू से हमला किया गया था।
घटना के दौरान कुछ इजरायली यात्रियों ने चालक दल के सदस्यों के साथ मिलकर कथित हमलावर को काबू करने में मदद की। एक अन्य यात्री ने बताया कि विमान के अचानक तेजी से नीचे आने से यात्रियों में दहशत फैल गई थी। कई यात्रियों को लगा कि स्थिति बेहद गंभीर है और शायद वे जिंदा नहीं बच पाएंगे। इस दौरान कुछ यात्रियों ने प्रार्थना भी शुरू कर दी।
विमान के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को राहत मिली। घटना के कारणों और कॉकपिट में हुई मारपीट की आधिकारिक स्थिति की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।




