नागेंद्र राय से ‘बंग विभूषण’ सम्मान वापस, नेताजी पर टिप्पणी के बाद सरकार का बड़ा फैसला
नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पश्चिम बंगाल सरकार ने भाजपा के राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है।

kolkata
8:10 PM, August 13, 2026
कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पश्चिम बंगाल सरकार ने भाजपा के राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने उन्हें प्रदान किया गया प्रतिष्ठित ‘बंग विभूषण’ सम्मान तत्काल प्रभाव से वापस लेने और निरस्त करने का आदेश जारी किया है।
पश्चिम बंगाल के सूचना एवं संस्कृति विभाग की ओर से गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया कि नागेंद्र राय को 21 फरवरी 2026 को दिया गया ‘बंग विभूषण’ सम्मान अब तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है और इसे निरस्त किया जाता है।
दरअसल, अनंत महाराज ने हाल ही में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने नेताजी को कथित तौर पर ‘युद्ध अपराधी’ बताते हुए आजाद हिंद फौज की भूमिका और स्वतंत्रता आंदोलन में नेताजी के योगदान पर भी सवाल उठाए थे। उनके बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में विवाद गहरा गया।
मामले को लेकर राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए बराबर है। मुख्यमंत्री की ओर से भी कहा गया था कि सांसद, विधायक, राजनीतिक दलों के नेता, सरकारी अधिकारी या पुलिस अधिकारी—किसी को भी कानून से विशेष छूट नहीं मिलेगी।
सरकार के इस फैसले के बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद और तेज होने की संभावना है।




