धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंप दिया गया है।

delhi
12:15 AM, July 26, 2026
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंप दिया गया है। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी देने को मंजूरी प्रदान की है। हालांकि, जोशी अपने मौजूदा मंत्रालयों का कार्यभार भी पहले की तरह संभालते रहेंगे।
दो दशकों से अधिक के राजनीतिक अनुभव वाले प्रह्लाद जोशी को संगठन और प्रशासन दोनों में कुशल नेता माना जाता है। संसद में उनकी सक्रिय भूमिका, लगातार चुनावी सफलता और विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों का अनुभव उन्हें सरकार के भरोसेमंद नेताओं में शामिल करता है।
शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के साथ ही उनके सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। इनमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना तथा डिजिटल शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाना प्रमुख माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि उनके प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के आधार पर वे इस जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रह्लाद जोशी ने कहा, "मैं इस दायित्व को पूरी विनम्रता और कर्तव्यभाव के साथ स्वीकार करता हूं। मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा।"




