Sonbhadra News : सीएमओ ने विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर अभियान का किया शुभारंभ
आज CMO डॉ0 अश्वनी कुमार ने 9माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर बाल स्वास्थ्य पोषण माह शुभारम्भ किया।

sonbhadra
11:09 AM, June 26, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
मो0नं0 – 7007444590
• 2.64 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाने का रखा गया है लक्ष्य
• 26 जून से 24 जुलाई तक मनाया जायेगा बाल स्वास्थ्य पोषण माह
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज स्थित अर्बन सेंटर में आज सीएमओ ने बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ किया। जिले में दो लाख 63 हजार 892 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य है। बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए टीकाकरण व विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाती है। इसके लिए 26 जून से 24 जुलाई तक बाल स्वास्थ्य पोषण माह चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने बच्चों को खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नौ माह से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों को अभियान के तहत विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। विटामिन ‘ए’ की कमी से बच्चों को रतौंधी, नजर कमजोर होना, अंधापन का शिकार होने के साथ अन्य बीमारियों से भी ग्रसित हो सकते हैं। इससे बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक देना जरूरी है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 गिरधारी लाल ने बताया कि “प्रत्येक बुधवार व शनिवार को टीकाकरण के साथ विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। जिले में दो लाख 63 हजार 892 बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाने का लक्ष्य है।”
इस दौरान अर्बन प्रभारी डॉ0 जे0पी0 सिंह, मनोज, नशीम शाह, अमित द्विवेदी, संदीप श्रीवास्तव, एएनएम सरोज देवी, नमिता होरो, आशा रेखा देवी, कंचन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




