
Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
सम्बंधित खबर
कोलकाता में ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप और हत्या किए जाने की घटना की सीबीआई जांच शुरू हो गई है। लेकिन इसके बावजूद देशभर में डॉक्टरों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोलकाता की घटना के विरोध में शुक्रवार को सोनभद्र में भी रेजीडेंट डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं । रेजीडेंट डॉक्टर ओपीडी के बाहर धरने पर बैठकर नारेबाजी करते नजर आए । डॉक्टरों ने सुरक्षा देने व कोलकाता पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं । महिला डॉक्टर ऋचा पांडेय ने कहा कि जिस तरह से कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ जघन्य घटना हुई है उससे पूरे डॉक्टर डरे सहमे हैं । उन्होंने कहा कि महिला डॉक्टरों की सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए । ऋचा पांडेय ने बताया कि नाइट ड्यूटी के समय वे लोग काफी असुरक्षित महसूस करती हैं क्योंकि अंदर यहां सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है । ऐसे में काम करना बेहद कठिन हो जाता है । डॉक्टर ऋचा पांडेय ने बताया कि उनके घर वाले भी काफी डरे हुए हैं और वे लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता सुरक्षा है क्योंकि यदि वे सुरक्षित नहीं हैं तो नौकरी कैसे करेंगी । ऐसे में वे सरकार से मांग करती हैं कि सरकार डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व कड़ा कानून ले आये । वहीं डॉक्टर राहुल ने बताया कि कोलकाता की घटना को लेकर हम सभी रेजीडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं लेकिन इमरजेंसी सेवाएं जारी है । उन्होंने बताया कि वे लगातार अस्पताल आये हुए मरीजों से बातें कर रहे हैं और उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि वे उनका साथ दें । उन्होंने बताया कि जिन मरीजों को इमरजेंसी सेवाओं की जरूरत है दिया जा रहा है । डॉक्टरों की हड़ताल को लेकर संवाददाता आनंद चौबे ने दूर-दराज से आए मरीजों से बातचीत कर उनका हाल जाना।