खुद को सनातनी, राष्ट्र भक्त व जाति-पात पर विश्वास न करने वाले मंत्री जी की यह तस्वीर क्यों हो रही वायरल ? पढ़ें पूरी खबर
शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों द्वारा हाल ही में ब्राह्मण विधायकों द्वारा की गयी मीटिंग के बाद उन्हें दी गयी चेतावनी के सवालों का जबाब देते हुए कहा कि वे राष्ट्र भक्त व सनातनी हैं।

sonbhadra
10:03 AM, January 10, 2026
शान्तनु कुमार
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र दौरे पर आए स्टाम्प शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों द्वारा हाल ही में ब्राह्मण विधायकों द्वारा की गयी मीटिंग के बाद उन्हें दी गयी चेतावनी के सवालों का जबाब देते हुए कहा कि वे राष्ट्र भक्त व सनातनी हैं, वे जात-पात पर विश्वास नहीं करते।
लेकिन अगले ही पल मंत्री महोदय कोन ब्लाक के कलवार जायसवाल महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे । जहां मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कलवार जायसवाल समाज के उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए समाज के उत्थान की बात की । प्रभारी मंत्री ने आने वाली पीढ़ी को उनके रुचि के अनुसार शिक्षा-दीक्षा देने पर भी जोर देने को कहा, जिससे समाज के युवा वर्ग को प्रशासनिक पदो पर पहुंचने का मौका मिल सके। मंत्री जी की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर देखते ही देखते वायरल होने लगी।
जायसवाल युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीतेश जायसवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि आने वाले पंचायत चुनाव में समाज के लोगो को बढ़ चढ़ हिस्सा लेने के लिए आग्रह किया । जिससे राजनीति में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।वहीँ जायसवाल क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल व जायसवाल क्लब के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र जायसवाल ने भी आपसी मधुरता बढ़ाने की बात कही। जबकि सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि कोन के इस महासम्मेलन ने जिले में जायसवाल समाज के ताकत का एहसास करा दिया।
ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब हर जाति धर्म के लोग आपस में एक जुट हो रहे हैं तो ब्राह्मण विधायकों से परहेज क्यों? खुद को राष्ट्रभक्त व जाति धर्म से उपर बताने वाले मंत्री जी कुछ देर बाद ही कलवार जायसवाल महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुँच गए।




