Sonbhadra news : बारिश में दूषित पानी की सप्लाई से ग्रामीण परेशान
विकास खंड चोपन की ग्राम सभा कोटा के परासपानी टोला में हर घर जल योजना के तहत बने पंपिंग स्टेशन से बारिश के दौरान गंदे पानी की आपूर्ति होने का मामला सामने आया है।

sonbhadra
8:51 PM, August 19, 2026
एम. शर्मा (संवाददाता)
डाला, सोनभद्र। विकास खंड चोपन की ग्राम सभा कोटा के परासपानी टोला में हर घर जल योजना के तहत बने पंपिंग स्टेशन से बारिश के दौरान गंदे पानी की आपूर्ति होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी पीने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पानी टंकी और पंपिंग स्टेशन का निर्माण निचले व गड्ढेनुमा स्थान पर होने के कारण बारिश का पानी परिसर में जमा हो जाता है। आरोप है कि यही पानी सप्लाई व्यवस्था में पहुंचने के कारण घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है। वहीं, योजना के तहत कई स्थानों पर नल तो लगाए गए हैं, लेकिन नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है।
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने 11 जून को पानी टंकी के पास प्रदर्शन कर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। प्रदर्शन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री आरके सिंह अरमो, कोटा के पूर्व प्रधान शिव प्रसाद, पूर्व प्रधान रामचंद्र गोंड समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के समय पानी टंकी के आसपास जलभराव होने के साथ परासपानी संपर्क मार्ग पर भी पानी पहुंच जाता है। इससे पंचायत भवन की ओर जाने वाले रास्ते पर आवागमन प्रभावित होता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पानी टंकी की व्यवस्था दुरुस्त कराने, स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।




