Varanasi News : योगी सरकार ने सारनाथ के कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र का किया पुनर्विकास
योगी सरकार ने सारनाथ कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र का पुनर्विकास किया है,जिससे नदी की पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत रहे और गंगा को प्रदूषण मुक्त रखा जा सके।

varanasi
10:23 PM, May 22, 2025
● सरकार गंगा की पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत रखने तथा गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने का निरंतर कर रही प्रयास
● सारनाथ कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र,भारत की जलीय जैव विविधता का बना महत्वपूर्ण सेंटर
● 2017 से नमामि गंगे योजना में कछुआ पुनर्वास केंद्र के शामिल होने से कछुओं की तस्करी आदि में आई कमी
● 2017 से 2025 तक में 3,298 कछुओं का किया गया पुनर्वास
● कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र में पिछले आठ वर्ष में 3231 अंडों की हैचिंग करके विभिन्न नदियों में छोड़ा गया
वाराणसी । योगी सरकार ने सारनाथ कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र का पुनर्विकास किया है,जिससे नदी की पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत रहे और गंगा को प्रदूषण मुक्त रखा जा सके। सारनाथ कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र, भारत की जलीय जैव विविधता का महत्वपूर्ण सेंटर बनता जा रहा है, जो गंगा नदी बेसिन में संरक्षण की सफलता का शानदार उदाहरण बनकर उभरा है। 2017 से नमामि गंगे में कछुआ पुनर्वास केंद्र के शामिल होने से कछुओं की तस्करी आदि में भी कमी आई है।
वाराणसी मण्डल के मुख्य वन संरक्षक डॉ.रवि कुमार सिंह ने बताया कि कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र में पिछले आठ वर्ष में 3231 अंडों की हैचिंग करके विभिन्न नदियों में छोड़ा गया। सरकार के प्रयासों से तस्करी आदि से बचाकर वर्ष 2017 से 2025 में अभी तक कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र ने 3298 से कछुओं का पुनर्वास किया है, जो भारत के सबसे बड़े ऐसे अभियानों में से एक माना जा रहा है।




