Varanasi News : श्रावण के पहले सोमवार को बाबा के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
नव्य-भव्य श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रावण मास के पहले दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान शाम छह बजे तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में श्रद्धा का जल चढ़ाया।

varanasi
10:29 PM, July 22, 2024
■ शाम छह बजे तक ढाई लाख से अधिक भक्तों ने किया बाबा का दर्शन-पूजन, चढ़ाया श्रद्धा का जल
■ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सुविधा और सुरक्षा के किए गए थे कड़े इंतजाम
■ इंद्रदेव ने भी बाबा विश्वनाथ के प्रति निवेदित की श्रद्धा, बारिश से बाबा के भक्तों को मिली राहत
■ श्रावण के पहले सोमवार को केसरिया रंग में रंगी नजर आई बाबा की काशी, देर रात से ही लग गई थी भक्तों की लाइन
■ मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलने के साथ ही हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी काशी
■ यादव बंधुओं ने गगरे में जल लेकर बाबा को जल चढ़ाकर निभाई परंपरा
■ शिवभक्तों के स्वागत के लिए बिछाया गया था रेड कॉरपेट, प्रशासनिक अधिकारियों ने भोले के भक्तों पर की पुष्पवर्षा
वाराणसी । नव्य-भव्य श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रावण मास के पहले दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दौरान शाम छह बजे तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में श्रद्धा का जल चढ़ाया। मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलने के साथ ही काशी हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी। शिवभक्तों के स्वागत के लिए एक तरफ जहां रेड कॉरपेट बिछाया गया था तो वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक अधिकारियों ने भोले के भक्तों पर पुष्प वर्षा की। बाबा के दर्शन के लिए रविवार रात से ही भक्तों की क़तार लग गई थी। सोमवार दोपहर बाद हुई बारिश ने भी बाबा को अपनी श्रद्धा निवेदित की। श्रावण मास के पहले सोमवार को शाम 6 बजे तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने राजराजेश्वर काशी पुराधिपति के दरबार में शीश नवाया। आस्था के जनसैलाब को देखते होते योगी सरकार के निर्देश पर काशी विश्वनाथ धाम में सुविधा के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किये गए थे।




