Uttarakhand News : बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह लोगों की मौत
उड़ान के कुछ देर बाद ही जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। बाद में मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना जिला प्

uttarakhand
10:42 PM, October 30, 2026
० जोशीमठ के हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ हादसा, सभी यात्री कर्नाटक के निवासी
उत्तराखंड। चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हवाई हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर भारी बर्फबारी के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद ही जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। बाद में मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना जिला प्रशासन को मिली।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। बताया गया कि भारतीय सेना ने सबसे पहले जिलाधिकारी चमोली को दुर्घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
हेलीकॉप्टर में दिल्ली निवासी 48 वर्षीय पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल सहित कर्नाटक के पांच यात्री सवार थे। मृतकों की पहचान प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51) के रूप में हुई है। सभी यात्री बेंगलुरु एवं कर्नाटक के निवासी बताए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हेलीकॉप्टर हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही।




