Uttarakhand News : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कांग्रेस पार्टी के दो पदों से दिया इस्तीफा
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने शुक्रवार देर रात पार्टी के दो पदों से इस्तीफा दे दिया।

uttarakhanad
2:17 PM, September 12, 2026
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने शुक्रवार देर रात पार्टी के दो पदों से इस्तीफा दे दिया। रावत उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य होने के साथ ही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) में स्थायी आमंत्रित सदस्य भी थे।
उनका इस्तीफा पूर्व ओएसडी और पुराने सहयोगी चंदन सिंह जीना के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद सामने आया है। ईडी ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में जीना समेत आयोग के पूर्व अधिकारियों के कई ठिकानों पर कार्रवाई की थी।
गुरुवार को हुई छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने नकदी, आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान जब्त किया था । ईडी के अनुसार, कार्रवाई में करीब 1.28 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
हरीश रावत ने कहा कि उनके सहयोगी के घर से नकदी और जेवर बरामद होने को लेकर टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे दावों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने चंदन सिंह जीना को अपना पुराना सहयोगी बताते हुए कहा कि यदि भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप साबित होते हैं, तो यह उनके लिए शर्मिंदगी की बात होगी।
हालांकि, रावत ने यह भी कहा कि उन्हें अपने सहयोगी पर लगाए गए आरोपों पर विश्वास नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले का सच जांच के बाद ही सामने आएगा।




