UP News : सुल्तानपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हर्ष फायरिंग में 5 वर्षीय मासूम की मौत
इसी दौरान दूल्हे के जीजा अजय द्वारा कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान चली गोली अनुराग के चचेरे भाई गिरिवर गोपाल पटेल के पांच वर्षीय बेटे अर्श के पेट में जा लगी।

sultanpur
10:34 PM, November 1, 2026
सुल्तानपुर। जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के फुटेहरी बनके गांव में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक मासूम की जान ले ली। गोली लगने से पांच वर्षीय अर्श पटेल की मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनुराग पटेल की शादी थी। घर से बारात निकलने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे के जीजा अजय द्वारा कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान चली गोली अनुराग के चचेरे भाई गिरिवर गोपाल पटेल के पांच वर्षीय बेटे अर्श के पेट में जा लगी।
परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।




