मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे के निकट राज्य का पहला मेडिकल डिवाइस पार्क का शुभारंभ किया गया है। इसी प्रकार यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में फिल्म सिटी, टॉय पार्क, अपैरल पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक हब विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश को डेटा सेन्टर हब बनाने की दिशा में कुल 636 मेगावॉट क्षमता के डेटा सेन्टर की स्थापना का कार्य जारी। प्रदेश सरकार ने अपनी नीतियों में संरचनात्मक परिवर्तन करके एक प्रतिस्पर्धी, आकर्षक एवं सहायक प्रोत्साहन ढांचा प्रदान किया है। हमारी इंडस्ट्रियल पॉलिसी एक विकल्प आधारित मॉडल प्रदान करती है, जो उत्पादन, रोजगार एवं निर्यात को प्रोत्साहित करती है। सर्कुलर इकोनॉमी, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स तथा ग्रीन हाइड्रोजन सहित नए क्षेत्रों को भी हम प्रोत्साहित कर रहे हैं। भारत व जापान के मध्य संबंध केंद्र सरकार के साथ ही राज्यों तक भी फैले हैं। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से जापानी शहरों के साथ अच्छे संबंध हैं। इन साझेदारियों का उद्देश्य व्यापार, संस्कृति व शासन सहित अनेक क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है।