UP News : ट्रक पलटने से मासूम सहित तीन की मौत, गांव में मचा कोहराम
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पशु आहार से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक के ऊपर पलट गया, जिससे बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

basti
12:52 PM, October 26, 2026
० पशु आहार लदा ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक पर पलटा
बस्ती। गौर थाना क्षेत्र के रामापुर-कोठवा गांव में पशु आहार लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों के ऊपर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। हादसे में जान गंवाने वालों में चौकीदार राजेश कुमार और उनकी बेटियां शिवांगी व मानवी के नाम सामने आए हैं। तीनों कोठवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पशु आहार से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक के ऊपर पलट गया, जिससे बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव में जुट गए।
पुलिस की कार्यशैली पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद गौर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ट्रक को दूर से देखकर वापस लौट गई। ग्रामीणों के मुताबिक, भोर में दोबारा सूचना दिए जाने पर पुलिस फिर घटनास्थल पर पहुंची। वहां का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से ट्रक के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मासूम बच्चियों की हालत और हादसे का मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते सक्रियता दिखाती, तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
मासूम बच्चियों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
चौकीदार राजेश कुमार और उनकी मासूम बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर भी आक्रोश है कि आखिर इस दर्दनाक घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारणों और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।




