UP News : बाराबंकी में तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, तीन दोस्तों की मौत, एक गंभीर
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे में अनूप, विमलेश और अनिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा साथी बुच्ची गंभीर रूप से घायल हो गया।

barabanki
10:44 PM, November 1, 2026
० भंडारे से लौट रहे चार दोस्तों को कार ने रौंदा
बाराबंकी। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनका चौथा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त भंडारे में शामिल होकर दो बाइकों से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैसनपुरवा मोड़ के पास हाईवे पर चढ़ते समय तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे में अनूप, विमलेश और अनिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा साथी बुच्ची गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलने पर राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में परिवारों को ढांढस बंधाया।




